जांजगीर-चांपा। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने शनिवार को जिले के नवागढ़ विकासखंड के ग्राम पोंड़ी (राछा) में आयोजित कार्यक्रम में 295 करोड़ रुपये से अधिक की लागत वाले 341 विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन किया। इनमें 70.10 करोड़ रुपये से अधिक की लागत के 159 कार्यों का लोकार्पण और 224.90 करोड़ रुपये से अधिक की लागत के 182 कार्यों का भूमिपूजन शामिल है।
सड़क, पेयजल, स्वास्थ्य और सिंचाई को मिलेगी मजबूती
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने विधिविधान से पूजा-अर्चना कर विकास कार्यों का भूमिपूजन किया और बटन दबाकर पूर्ण हो चुके कार्यों का लोकार्पण किया। उन्होंने कहा कि इन परियोजनाओं से सड़क, पेयजल, सिंचाई, स्वास्थ्य, नगरीय अधोसंरचना और ग्रामीण विकास से जुड़ी सुविधाओं का विस्तार होगा तथा जिले के समग्र विकास को नई गति मिलेगी।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय बोले- विकास का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि राज्य सरकार प्रदेश के हर क्षेत्र के संतुलित और समग्र विकास के लिए प्रतिबद्ध है। बेहतर आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार कार्य किए जा रहे हैं, ताकि आम लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव आए और विकास का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे।
कई विभागों के महत्वपूर्ण प्रोजेक्ट शामिल
लोकार्पित 159 कार्यों में जल संसाधन, वन, ग्रामीण यांत्रिकी सेवा, लोक निर्माण, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी, सीजीएमएससी, नगरीय प्रशासन तथा पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग की परियोजनाएं शामिल हैं।
वहीं 182 भूमिपूजन कार्यों में जल संसाधन विभाग, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना, लोक निर्माण विभाग, सीजीएमएससी, छत्तीसगढ़ गृह निर्माण एवं अधोसंरचना विकास मंडल, नगरीय प्रशासन तथा पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के महत्वपूर्ण प्रोजेक्ट शामिल हैं।
जनप्रतिनिधि भी रहे मौजूद
कार्यक्रम में केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू, स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल, सांसद कमलेश जांगड़े, छत्तीसगढ़ खनिज विकास निगम के अध्यक्ष सौरभ सिंह सहित कई जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में नागरिक मौजूद रहे।

