जांजगीर-चांपा। छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले में एक हृदयविदारक घटना सामने आई है। नैला चौकी थाना क्षेत्र के ग्राम बिरकोनी में पत्नी के मायके से वापस नहीं लौटने से नाराज एक व्यक्ति ने अपने दो मासूम बेटों के साथ कीटनाशक खाकर आत्महत्या कर ली। घटना में पिता और दोनों बच्चों की मौत हो गई।

जानकारी के अनुसार ग्राम बिरकोनी निवासी रमेश कुमार पटेल (35) अपनी पत्नी मंगली बाई (28), बेटी आरुषि (6 वर्ष) तथा दो बेटों आदर्श (3 वर्ष) और अभिनव (2 वर्ष) के साथ रहता था। रमेश को शराब पीने की लत थी, जिसके चलते पति-पत्नी के बीच अक्सर विवाद होता रहता था।
चार दिन पहले हुए विवाद के बाद मंगली बाई अपनी बेटी को लेकर मायके चली गई थी, जबकि दोनों छोटे बेटे घर पर ही थे। परिजनों के मुताबिक 16 जून को रमेश पत्नी को वापस लाने उसके मायके गया था, लेकिन उसने लौटने से इनकार कर दिया। इसके बाद रमेश घर लौट आया।
बुधवार सुबह ग्रामीणों ने रमेश के पिता परदेशी पटेल को सूचना दी कि रमेश और उसके दोनों बेटे घर में मृत अवस्था में पड़े हैं। सूचना मिलते ही पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची।
पुलिस ने तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटनास्थल से कीटनाशक के नमूने भी जब्त किए गए हैं। प्रारंभिक जांच में तीनों की मौत कीटनाशक सेवन से होना सामने आया है।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश कश्यप ने बताया कि शुरुआती जांच में आशंका है कि रमेश ने पहले अपने दोनों बच्चों को जहर दिया और बाद में स्वयं भी कीटनाशक का सेवन कर लिया। फिलहाल पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

