रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने रविवार को मुख्यमंत्री निवास में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लोकप्रिय मासिक रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ की 135वीं कड़ी जनप्रतिनिधियों और नागरिकों के साथ सुनी। इस दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि ‘मन की बात’ आज जनता और नेतृत्व के बीच संवाद का सशक्त माध्यम बन चुका है, जो समाज में सकारात्मक बदलाव की प्रेरणा देता है।
‘मन की बात’ से मिलती है नई प्रेरणा
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी प्रत्येक कड़ी में देशभर के नवाचार, जनभागीदारी और प्रेरणादायी प्रयासों को सामने लाते हैं। उन्होंने कहा कि ‘मन की बात’ में छत्तीसगढ़ के नवाचारों और उपलब्धियों का उल्लेख होना पूरे प्रदेश के लिए गर्व की बात है।
पर्यावरण और जल संरक्षण पर दिया गया संदेश
मुख्यमंत्री ने बताया कि इस बार प्रधानमंत्री मोदी ने आगामी गणेशोत्सव पर मिट्टी से बनी गणेश प्रतिमा स्थापित करने का आह्वान किया। साथ ही प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना, प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना और वर्षा जल संरक्षण को जनआंदोलन बनाने का संदेश भी दिया।
अंधविश्वास से लेकर खेल और संस्कृति तक कई विषयों पर चर्चा
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री ने मेघालय के जीवित रूट ब्रिज, असम की हरगिला आर्मी, नागालैंड बेबी लीग, नागालैंड वुमन फुटसाल लीग, नालंदा विश्वविद्यालय, सेंट्रल संस्कृत यूनिवर्सिटी तथा मध्यप्रदेश के ब्यावरा की महिलाओं की नवाचारपूर्ण पहल का भी उल्लेख किया। उन्होंने विज्ञान और जागरूकता के माध्यम से अंधविश्वास दूर करने पर भी बल दिया।
ये रहे मौजूद
कार्यक्रम में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के वरिष्ठ प्रचारक इंद्रेश कुमार, स्वास्थ्य मंत्री श्यामबिहारी जायसवाल, विधायक गोमती साय, छत्तीसगढ़ भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण मंडल के अध्यक्ष डॉ. रामप्रताप सिंह, दीपक म्हस्के, संजय श्रीवास्तव, सच्चिदानंद उपासने, अखिलेश सोनी सहित कई जनप्रतिनिधि और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

