बेमेतरा। छत्तीसगढ़ के बेमेतरा जिले में लगातार हो रही बारिश के बीच एक दर्दनाक हादसा हो गया। राऊरपुर गांव में कच्चे मकान की दीवार अचानक ढह गई, जिसकी चपेट में आकर दो मासूम बच्चियों की मौत हो गई। हादसे में एक महिला भी घायल हुई है, जिसका उपचार जारी है।

आंगन में खेल रही थीं बच्चियां
जानकारी के अनुसार, शनिवार रात हुई लगातार बारिश के बाद रविवार सुबह मकान की कच्ची दीवार भरभराकर गिर गई। हादसे के समय वंशिका कोसले (12) और राधिका कोसले (9) घर के आंगन में खेल रही थीं। दीवार गिरते ही दोनों मलबे में दब गईं और मौके पर ही उनकी मौत हो गई।
महिला घायल, प्रशासन मौके पर पहुंचा
हादसे में एक महिला भी घायल हुई है। सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे। मलबा हटाकर बच्चियों को बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। घायल महिला को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज जारी है।
बारिश को लेकर मौसम विभाग का अपडेट
मौसम विभाग के अनुसार, मानसून फिलहाल छत्तीसगढ़ के लगभग 80 प्रतिशत हिस्से को कवर कर चुका है। हालांकि, कई जिलों में अब भी सामान्य से कम बारिश दर्ज की गई है। बस्तर संभाग में सामान्य से 54 प्रतिशत कम वर्षा हुई है, जबकि राजनांदगांव समेत कई जिलों में अब तक 80 प्रतिशत तक कम बारिश रिकॉर्ड की गई है।


