कोरबा/रायपुर। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में भाजपा नेता पर हुए जानलेवा हमले के मामले में जेल में बंद जिला पंचायत सदस्य रज्जाक अली के खिलाफ प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। प्रशासन और पुलिस की संयुक्त टीम ने भारी पुलिस बल की मौजूदगी में सीतामढ़ी क्षेत्र स्थित उसके कथित अवैध दो मंजिला निर्माण पर बुलडोजर चलाकर उसे ध्वस्त कर दिया।

भाजपा नेता पर हमले के बाद हुई कार्रवाई
बता दें कि हाल ही में भाजपा नेता एवं पूर्व मंडल अध्यक्ष शिवबालक सिंह तोमर पर रज्जाक अली और उसके साथियों द्वारा कथित तौर पर जानलेवा हमला किया गया था। इस हमले में शिवबालक तोमर गंभीर रूप से घायल हुए थे। मामले में पुलिस ने रज्जाक अली को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। इसके बाद प्रशासन ने उसके खिलाफ अवैध निर्माण को लेकर अलग कार्रवाई शुरू की।
शासकीय जमीन पर अवैध निर्माण का आरोप
प्रशासन के अनुसार, जिस दो मंजिला भवन पर कार्रवाई की गई, उसका निर्माण शासकीय भूमि पर कथित अतिक्रमण कर बिना आवश्यक अनुमति के किया जा रहा था। अधिकारियों का कहना है कि निर्माण कार्य करीब पांच महीने पहले शुरू हुआ था और दूसरी मंजिल का काम भी जारी था।
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, संबंधित जमीन पर पहले गेंद्राम नामक व्यक्ति का कब्जा था, जिसे बाद में रज्जाक अली ने खरीद लिया और वहां निर्माण शुरू कराया।
भारी पुलिस बल की मौजूदगी में चला बुलडोजर
कार्रवाई के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया था। प्रशासन की मौजूदगी में पूरे अवैध निर्माण को बुलडोजर से हटाया गया।
NSA की कार्रवाई की भी प्रक्रिया जारी
भाजपा जिला अध्यक्ष गोपाल मोदी ने सोशल मीडिया पर इस कार्रवाई का स्वागत करते हुए कहा कि सुशासन की सरकार में अपराधियों के लिए कोई जगह नहीं है। जानकारी के अनुसार, रज्जाक अली के खिलाफ मारपीट, धमकी और हत्या के प्रयास सहित करीब आधा दर्जन आपराधिक मामले दर्ज हैं। हाल ही में उसके खिलाफ राष्ट्रीय सुरक्षा अधिनियम (NSA) के तहत कार्रवाई की प्रक्रिया भी शुरू की गई है।


