रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने रविवार को मुख्यमंत्री निवास में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लोकप्रिय मासिक रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ की 135वीं कड़ी जनप्रतिनिधियों और नागरिकों के साथ सुनी। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि ‘मन की बात’ आज जनता और नेतृत्व के बीच संवाद का सशक्त माध्यम बन चुका है।
‘मन की बात’ से समाज को मिलती है नई प्रेरणा
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी प्रत्येक कड़ी में देशभर के नवाचार, जनभागीदारी और प्रेरणादायी प्रयासों को सामने लाते हैं, जिससे समाज में सकारात्मक कार्यों को नई ऊर्जा मिलती है। उन्होंने कहा कि ‘मन की बात’ के कई एपिसोड में छत्तीसगढ़ के नवाचारों और उपलब्धियों का उल्लेख होना पूरे प्रदेश के लिए गर्व की बात है।
पर्यावरण और जल संरक्षण का दिया संदेश
मुख्यमंत्री ने बताया कि इस बार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आगामी गणेशोत्सव पर मिट्टी से निर्मित भगवान गणेश की प्रतिमा स्थापित करने का आह्वान करते हुए पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। साथ ही प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना, प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना और वर्षा जल संरक्षण के महत्व पर भी विशेष जोर दिया।
अंधविश्वास छोड़ विज्ञान अपनाने की अपील
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि प्रधानमंत्री ने मेघालय के जीवित रूट ब्रिज, असम की ‘हरगिला आर्मी’, नागालैंड की बेबी लीग और वुमन फुटसाल लीग जैसी प्रेरक पहलों का उल्लेख किया। इसके अलावा भारतीय ज्ञान परंपरा, स्वच्छता, नवाचार और वैज्ञानिक सोच को बढ़ावा देने का संदेश भी दिया।
इस अवसर पर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के वरिष्ठ प्रचारक इंद्रेश कुमार, स्वास्थ्य मंत्री श्यामबिहारी जायसवाल, विधायक गोमती साय सहित कई जनप्रतिनिधि और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।


