रायपुर। राजधानी रायपुर के सरोना फ्लाईओवर पर मंगलवार सुबह बड़ा सड़क हादसा हो गया। 6 ट्रैक्टरों से लदा एक भारी ट्रेलर सरोना ब्रिज से गुजरते समय अचानक अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे के बाद दुर्ग-रायपुर मार्ग पर यातायात पूरी तरह प्रभावित हो गया और लंबा जाम लग गया।
40 मिनट तक चला राहत अभियान
घटना की सूचना मिलते ही ट्रैफिक पुलिस और अन्य राहत दल मौके पर पहुंचे। क्रेन की मदद से करीब 40 मिनट तक चले अभियान के बाद पलटे हुए ट्रेलर को हटाया गया, जिसके बाद यातायात को धीरे-धीरे सामान्य किया गया।
चालक सुरक्षित, ट्रैक्टरों को हुआ नुकसान
हादसे में ट्रेलर चालक सुरक्षित बच गया। हालांकि ट्रेलर पर लदे ट्रैक्टरों को आंशिक नुकसान पहुंचा है। प्रारंभिक जांच में वाहन के अनियंत्रित होने को हादसे का कारण माना जा रहा है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
पुलिस ने जारी की थी ट्रैफिक एडवाइजरी
यातायात बाधित होने के दौरान पुलिस ने एडवाइजरी जारी कर दुर्ग से रायपुर आने-जाने वाले हल्के वाहनों को वैकल्पिक मार्ग का उपयोग करने की सलाह दी थी, ताकि जाम की स्थिति से बचा जा सके।


