रायपुर। मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ सरकार ने खरीफ सीजन 2026 से पहले किसानों को बड़ी राहत दी है। जांजगीर-चांपा जिले में सहकारी समितियों के माध्यम से यूरिया वितरण पर लागू 80 प्रतिशत की सीमा समाप्त कर दी गई है। अब किसानों को खरीफ 2025 की तरह उनकी पात्रता के अनुसार एकमुश्त यूरिया उपलब्ध कराया जाएगा।
उप संचालक कृषि राकेश शर्मा ने बताया कि खरीफ 2026 में किसानों को पिछले वर्ष प्राप्त यूरिया की मात्रा के अनुरूप उर्वरक दिया जाएगा। यदि संबंधित सहकारी समिति में पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध होगा तो किसानों को एक ही बार में पूरा यूरिया मिल जाएगा। यदि किसी समिति में स्टॉक कम होगा तो शेष मात्रा उपलब्ध होते ही किसानों को वितरित कर दी जाएगी।
इस फैसले से किसानों को बार-बार सहकारी समितियों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। समय पर उर्वरक मिलने से खरीफ सीजन की खेती बिना किसी बाधा के पूरी की जा सकेगी और फसल उत्पादन में भी बढ़ोतरी की उम्मीद है।
राज्य सरकार ने कहा है कि किसानों को समय पर खाद-बीज और अन्य कृषि आदान उपलब्ध कराना उसकी प्राथमिकता है। यह निर्णय खेती को अधिक सुगम, लाभकारी और किसानों की उत्पादन क्षमता बढ़ाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।


