रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और कर्नाटक के राज्यपाल थावरचंद गहलोत आज राजधानी रायपुर के सोनपैरी स्थित सद्गुरु कबीर आश्रम में आयोजित संत कबीर महोत्सव में शामिल हुए। इस दौरान दोनों नेताओं ने गुरु असंग देव का आशीर्वाद लिया और प्रदेश एवं देश की सुख-समृद्धि की कामना की। कार्यक्रम के दौरान राज्यपाल, मुख्यमंत्री, विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह और केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू ने वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने की बड़ी घोषणा
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने घोषणा की कि मुख्यमंत्री बिजली बिल भुगतान समाधान योजना की अवधि तीन महीने के लिए बढ़ाई जाएगी, ताकि अधिक से अधिक उपभोक्ता सरचार्ज माफी और अन्य प्रावधानों का लाभ लेकर अपने लंबित बिजली बिलों का भुगतान कर सकें।
सरकार की योजनाओं का किया जिक्र
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि राज्य सरकार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की गारंटी को पूरा करने के लिए लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने बताया कि प्रदेश में 18 लाख आवासों की स्वीकृति मिल चुकी है, जिनमें से 10 लाख से अधिक आवास पूरे हो चुके हैं। उन्होंने महतारी वंदन योजना, पीएम जनमन योजना, श्रीरामलला दर्शन योजना, मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना और प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना जैसी योजनाओं का भी उल्लेख किया।
मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 का करें उपयोग
मुख्यमंत्री ने कहा कि आम नागरिकों की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 शुरू की गई है। उन्होंने लोगों से इस सुविधा का अधिक से अधिक उपयोग करने की अपील करते हुए कहा कि शिकायतों का समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित किया जाएगा।
संत कबीर के संदेश को अपनाने की अपील
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि संत कबीर ने समाज से जात-पात, छुआछूत, पाखंड और कुरीतियों को समाप्त करने का संदेश दिया। उनके विचार आज भी समाज में प्रेम, भाईचारे और समरसता की प्रेरणा देते हैं।
कार्यक्रम में विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह, केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू, कैबिनेट मंत्री गुरु खुशवंत साहेब, कई विधायक, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में कबीरपंथी अनुयायी उपस्थित रहे।


