CG News: गरियाबंद। वन्यजीव तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए उदंती-सीतानदी टाइगर रिजर्व की एंटी पोचिंग टीम ने दो संदिग्ध आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से दो बाघों की खाल, बड़ी मात्रा में पैंगोलिन की खाल और वारदात में इस्तेमाल की गई एक मोटरसाइकिल बरामद की गई है।
वन विभाग के अनुसार, यह कार्रवाई गरियाबंद पुलिस से मिली सूचना और आपसी समन्वय के आधार पर की गई। प्रारंभिक जांच में गिरफ्तार आरोपियों का संबंध महाराष्ट्र के चंद्रपुर-पाखांजूर क्षेत्र से बताया जा रहा है।
जांच के दौरान यह भी सामने आया है कि बरामद बाघों की खाल में से एक के आगे का पंजा गायब है। वहीं शुरुआती जांच में इंद्रावती-अबूझमाड़ क्षेत्र में बाघों के शिकार किए जाने के महत्वपूर्ण सुराग भी मिले हैं। इन जानकारियों के आधार पर वन विभाग अब पूरे तस्करी नेटवर्क की कड़ियों को जोड़ने में जुटा है।
कार्रवाई के दौरान आरोपियों से वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल भी जब्त कर ली गई। इस मामले में पश्चिम पारलकोट परिक्षेत्र, भानुप्रतापपुर वन मंडल में प्रकरण दर्ज किया गया है।
प्रारंभिक जांच में आरोपियों के पुलिस विभाग से जुड़े होने की बात भी सामने आई है। हालांकि, वन विभाग ने स्पष्ट किया है कि इस पहलू की विस्तृत जांच जारी है। मामले से जुड़े सभी तथ्यों की गंभीरता से पड़ताल की जा रही है और जांच पूरी होने के बाद ही आगे की स्थिति स्पष्ट होगी।


