CG Weather Update: रायपुर। छत्तीसगढ़ में जुलाई की शुरुआत के साथ ही मानसून पूरी तरह सक्रिय हो गया है। 30 जून तक मानसून पूरे प्रदेश में पहुंच चुका है, जिसके बाद कई जिलों में बारिश की गतिविधियां तेज हो गई हैं। मौसम विभाग ने प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में गरज-चमक के साथ बारिश और आकाशीय बिजली गिरने की संभावना जताते हुए सतर्क रहने की सलाह दी है।
पिछले 24 घंटों के दौरान सरगुजा और बस्तर संभाग के कुछ इलाकों में मध्यम से भारी बारिश दर्ज की गई, जबकि प्रदेश के अन्य हिस्सों में हल्की बारिश और बूंदाबांदी हुई। मौसम विभाग द्वारा जारी सैटेलाइट तस्वीरों के अनुसार मध्य और उत्तरी छत्तीसगढ़ के ऊपर घने बादलों का बड़ा समूह बना हुआ है, जिसका असर रायपुर, बिलासपुर, सरगुजा समेत आसपास के जिलों में देखने को मिल सकता है।
मौसम विभाग के मुताबिक, रायपुर और आसपास के क्षेत्रों में भी अगले कुछ घंटों के दौरान गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है। वहीं बस्तर संभाग में भी बादलों की सक्रियता बनी हुई है। पश्चिम और दक्षिण-पश्चिम दिशा से लगातार नमी वाले बादल प्रदेश में प्रवेश कर रहे हैं, जिससे आने वाले दिनों में भी बारिश का सिलसिला जारी रहने के संकेत हैं। कुछ स्थानों पर मध्यम से तेज बारिश हो सकती है।
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार 1 जुलाई को रायपुर में दिनभर बादल छाए रहेंगे। इस दौरान बारिश, तेज गर्जना और आकाशीय बिजली गिरने की संभावना बनी हुई है। शहर का अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।
हालांकि, मानसून सक्रिय होने के बावजूद प्रदेश में अब तक सामान्य से कम बारिश दर्ज की गई है। आंकड़ों के अनुसार 30 जून तक राज्य में औसतन 188 मिमी वर्षा होनी चाहिए थी, लेकिन अब तक केवल 66.2 मिमी बारिश ही रिकॉर्ड की गई है। यानी प्रदेश में करीब 65 प्रतिशत कम वर्षा दर्ज की गई है। मौसम विभाग को उम्मीद है कि जुलाई के पहले सप्ताह में बारिश की रफ्तार बढ़ने से इस कमी में कुछ हद तक सुधार हो सकता है।


