CG News: सरगुजा प्रवास के दौरान मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने विकासखंड उदयपुर स्थित रामगढ़ के फॉरेस्ट रेस्ट हाउस ‘राम वाटिका’ में स्थापित भगवान श्रीराम की प्रतिमा के दर्शन कर प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की। इस अवसर पर उन्होंने ‘एक पेड़ माँ के नाम 3.0’ अभियान के तहत रुद्राक्ष का पौधा भी लगाया।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान मातृशक्ति के सम्मान और प्रकृति के प्रति हमारी आस्था का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि माँ के नाम पर लगाया गया एक पौधा केवल पर्यावरण संरक्षण का संदेश नहीं देता, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ, सुरक्षित और हरित भविष्य की मजबूत नींव भी रखता है।
उन्होंने प्रदेशवासियों से अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनके संरक्षण का संकल्प लेने की अपील करते हुए कहा कि जलवायु परिवर्तन जैसी चुनौतियों का सामना करने के लिए जनभागीदारी बेहद जरूरी है। पर्यावरण संरक्षण को जनआंदोलन बनाकर ही प्रकृति का संतुलन बनाए रखा जा सकता है।
मुख्यमंत्री ने भगवान श्रीराम की प्रतिमा को नमन करते हुए कहा कि प्रभु श्रीराम का जीवन मर्यादा, सत्य, त्याग और कर्तव्यपरायणता का सर्वोच्च आदर्श है, जो सदियों से मानव समाज को प्रेरित करता आ रहा है। उन्होंने लोगों से श्रीराम के आदर्शों पर चलकर सेवा, सद्भाव और समर्पण की भावना के साथ समाज और राष्ट्र निर्माण में योगदान देने का आह्वान किया।
इस अवसर पर पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल, कृषि मंत्री रामविचार नेताम, लुण्ड्रा विधायक प्रबोध मिंज, सीतापुर विधायक रामकुमार टोप्पो सहित अन्य जनप्रतिनिधि और वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।


