CG News: मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की पहल पर छत्तीसगढ़ सरकार ने नक्सलवाद से प्रभावित चार परिवारों को बड़ी राहत देते हुए 60 लाख रुपये की आर्थिक सहायता स्वीकृत की है। यह सहायता नक्सलवाद पुनर्वास नीति के तहत बीजापुर जिले के चार मामलों में प्रदान की जाएगी।
राज्य सरकार के अनुसार, नक्सली हिंसा में आम नागरिकों की मृत्यु के ऐसे मामलों में, जहां किसी कारणवश मृतक के आश्रितों को शासकीय सेवा देना संभव नहीं होता, वहां पुनर्वास नीति के तहत नौकरी के स्थान पर प्रत्येक परिवार को 15 लाख रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की जाती है।
इसी प्रावधान के तहत बीजापुर जिले के चार नक्सल पीड़ित परिवारों के लिए कुल 60 लाख रुपये की सहायता राशि स्वीकृत की गई है। सरकार का कहना है कि यह राशि प्रभावित परिवारों के पुनर्वास, आर्थिक सुरक्षा और भविष्य को मजबूत बनाने में सहायक होगी।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार नक्सल प्रभावित परिवारों के पुनर्वास और आर्थिक सशक्तिकरण के लिए लगातार कार्य कर रही है। नक्सलवाद पुनर्वास नीति के माध्यम से पीड़ित परिवारों को आर्थिक सहायता, सुरक्षा और पुनर्वास का लाभ उपलब्ध कराया जा रहा है, ताकि वे सम्मानपूर्वक अपना जीवन आगे बढ़ा सकें।


