CG News: मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की अध्यक्षता में रायपुर स्थित उनके निवास कार्यालय में आयोजित उच्च स्तरीय समिति की बैठक में 156 उत्कृष्ट खिलाड़ियों के चयन को अंतिम मंजूरी दे दी गई। चयनित खिलाड़ी 20 विभिन्न खेलों से जुड़े हैं और अधिसूचना जारी होने के बाद इन्हें पात्रता के अनुसार शासकीय सेवा में नियुक्ति देने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।
बैठक में वर्ष 2018-19 एवं 2019-20 के लिए प्राप्त आवेदनों पर विस्तृत चर्चा की गई। सभी मानकों और पात्रता की समीक्षा के बाद 156 खिलाड़ियों को उत्कृष्ट खिलाड़ी घोषित करने के लिए चयनित किया गया। अब इस सूची को अधिसूचना जारी करने के लिए सामान्य प्रशासन विभाग को भेजा जाएगा।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रदेश की खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए पारदर्शी, समयबद्ध और प्रोत्साहन आधारित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि चयनित खिलाड़ियों को उनकी पात्रता के अनुरूप शासकीय सेवा में नियुक्ति दिलाने के लिए आवश्यक प्रक्रिया जल्द पूरी की जाए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इन खिलाड़ियों का अनुभव नई पीढ़ी के खिलाड़ियों के लिए प्रेरणा बनेगा। उनकी सेवाओं का उपयोग खेल प्रशिक्षण, प्रतिभा संवर्धन और युवा खिलाड़ियों के मार्गदर्शन में भी किया जाना चाहिए, ताकि प्रदेश में खेल संस्कृति को और मजबूत बनाया जा सके।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार केवल खिलाड़ियों को सम्मानित करने तक सीमित नहीं है, बल्कि गांव से लेकर राज्य स्तर तक खेल प्रतिभाओं की पहचान, आधुनिक प्रशिक्षण, बेहतर संसाधन और प्रतियोगिताओं के अवसर उपलब्ध कराने के लिए लगातार कार्य कर रही है। सरकार का लक्ष्य ऐसे खिलाड़ी तैयार करना है, जो राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर छत्तीसगढ़ और देश का नाम रोशन करें।
बैठक में अधिकारियों ने बताया कि राज्य में अब तक 182 उत्कृष्ट खिलाड़ियों को घोषित किया जा चुका है। वहीं वर्ष 2018-19 और 2019-20 के लिए प्राप्त आवेदनों की जांच के बाद 156 खिलाड़ियों को निर्धारित मानकों के अनुसार पात्र पाया गया।
बैठक में उपमुख्यमंत्री अरुण साव, वन मंत्री केदार कश्यप, मुख्य सचिव विकास शील, मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव सुबोध कुमार सिंह, मुख्यमंत्री के सचिव राहुल भगत, सामान्य प्रशासन विभाग के सचिव अविनाश चंपावत, खेल एवं युवा कल्याण विभाग के सचिव यशवंत कुमार तथा विभाग की संचालक तनुजा सलाम सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।


