Raipur News: राजधानी रायपुर के नकटी गांव में 80 मकानों पर हुई बुलडोजर कार्रवाई के विरोध में बुधवार को बड़ी संख्या में ग्रामीण कलेक्ट्रेट पहुंच गए। पुनर्वास, आवास और मूलभूत सुविधाओं की मांग को लेकर ग्रामीणों ने कलेक्ट्रेट का घेराव कर प्रदर्शन किया। प्रदर्शन को देखते हुए पुलिस और प्रशासन पूरे समय अलर्ट मोड पर रहे।
प्रदर्शन कर रहे ग्रामीणों का कहना है कि प्रशासन द्वारा उन्हें जो मकान आवंटित किए गए हैं, वे रहने योग्य नहीं हैं। उनका आरोप है कि आवंटित आवास छोटे हैं और बड़े परिवारों के लिए पर्याप्त नहीं हैं। इसके अलावा बिजली, पानी और अन्य आवश्यक सुविधाओं का भी अभाव है, जिससे वहां रहना मुश्किल हो रहा है।
प्रदर्शन के दौरान किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए कलेक्ट्रेट परिसर और आसपास भारी पुलिस बल तैनात किया गया। सुरक्षा के मद्देनजर बैरिकेडिंग भी की गई। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर मौजूद रहे और प्रदर्शनकारियों से लगातार बातचीत कर उनकी मांगों को सुनते रहे।
इस प्रदर्शन में रायपुर जिला कांग्रेस के कई नेताओं ने भी हिस्सा लिया और ग्रामीणों की मांगों का समर्थन किया। फिलहाल प्रशासन प्रदर्शनकारियों से चर्चा कर मामले का समाधान निकालने का प्रयास कर रहा है।


