Raipur Blackmail: राजधानी रायपुर के गुढ़ियारी थाना क्षेत्र में एक युवक को कथित रूप से आपत्तिजनक फोटो और वीडियो के जरिए ब्लैकमेल कर करीब 2.17 लाख रुपये वसूलने का मामला सामने आया है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने दो महिलाओं को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
पुलिस के अनुसार, बीरगांव गांधी नगर निवासी दुलीचंद कुम्हार ने शिकायत दर्ज कराई कि उसकी पहचान अशोक नगर श्मशान घाट निवासी मांगेश्वरी सिंह उर्फ जोगेश्वरी उर्फ रिंकी से थी। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि 6 जनवरी 2026 को महिला ने उसे अपने घर बुलाया, जहां उसकी एक अन्य महिला मित्र भी मौजूद थी।
शिकायत के मुताबिक, दोनों महिलाओं ने युवक को शराब पिलाई। नशे की हालत में वह वहीं सो गया। जब उसकी आंख खुली तो उसने खुद को बिना कपड़ों के पाया और वहां से अपने घर लौट गया।
पीड़ित का आरोप है कि दो दिन बाद महिलाओं ने उसे दोबारा बुलाकर उसकी आपत्तिजनक तस्वीरें दिखाईं और उन्हें सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी देकर 50 हजार रुपये की मांग की। बदनामी के डर से उसने ऑनलाइन माध्यम से यह राशि भेज दी।
शिकायत के अनुसार, इसके बाद फरवरी से जून 2026 के बीच अलग-अलग किस्तों में 48 हजार, 45 हजार, 46 हजार, 46 हजार और 30 हजार रुपये सहित कुल करीब 2.17 लाख रुपये की वसूली की गई। आरोप है कि इसके बाद भी लगातार और पैसे की मांग करते हुए फोटो वायरल करने की धमकी दी जाती रही।
कथित ब्लैकमेल और प्रताड़ना से परेशान होकर युवक ने गुढ़ियारी थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
मामले की गंभीरता को देखते हुए उत्तर जोन के पुलिस उपायुक्त मयंक गुर्जर के निर्देश पर पुलिस ने मोबाइल चैट, बैंक लेनदेन, फोन-पे, यूपीआई और अन्य इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों की जांच की। पुलिस का कहना है कि पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद दोनों महिलाओं को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। मामले की आगे की जांच जारी है।


