Raipur News: राजधानी रायपुर में ड्यूटी के दौरान कथित लापरवाही बरतने के आरोप में डायल-112 में तैनात आरक्षक संदीप शर्मा को निलंबित कर दिया गया है। मध्य क्षेत्र के पुलिस उपायुक्त (DCP) उमेश प्रसाद गुप्ता ने कर्तव्य में लापरवाही और अमर्यादित आचरण के आरोप में यह कार्रवाई की है।

जानकारी के अनुसार, 30 जून 2026 की रात करीब 11 बजे देवेंद्र नगर थाना क्षेत्र के सिटी सेंटर मॉल के सामने सर्विस रोड पर कार और बाइक के बीच भीषण सड़क दुर्घटना की सूचना पुलिस को मिली थी। सूचना मिलते ही डायल-112 में तैनात आरक्षक संदीप शर्मा को तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना किया गया।
आरोप है कि गंभीर सड़क दुर्घटना की सूचना मिलने के बावजूद आरक्षक काफी देर से मौके पर पहुंचे। मामले को गंभीर मानते हुए वरिष्ठ अधिकारियों ने विभागीय जांच कराई।
प्रारंभिक जांच में कर्तव्य के प्रति लापरवाही प्रथम दृष्टया सामने आने पर पुलिस उपायुक्त उमेश प्रसाद गुप्ता ने आरक्षक संदीप शर्मा को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया। निलंबन के बाद उन्हें रक्षित केंद्र (लाइन), रायपुर से संबद्ध कर दिया गया है।
पुलिस विभाग का कहना है कि आपातकालीन सेवाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही को गंभीरता से लिया जाएगा और दोषी पाए जाने पर नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।


