CG News: मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के निर्देश और वित्त मंत्री ओपी चौधरी की पहल पर छत्तीसगढ़ सरकार ने राज्य के शासकीय कर्मचारियों के लिए अल्पावधि ऋण (Short Term Credit) सुविधा शुरू की है। इस नई व्यवस्था का उद्देश्य कर्मचारियों को आकस्मिक जरूरतों के समय त्वरित, सरल और पारदर्शी वित्तीय सहायता उपलब्ध कराना है।
यह सुविधा राज्य शासन की ई-कोष (e-Kosh) प्रणाली से जुड़े डिजिटल प्लेटफॉर्म के माध्यम से संचालित होगी। पूरी प्रक्रिया ऑनलाइन होने से कर्मचारियों को कागजी कार्रवाई और कार्यालयों के चक्कर लगाने से राहत मिलेगी।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि राज्य सरकार कर्मचारियों के कल्याण और उनकी आर्थिक सुरक्षा के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि आवश्यकता के समय कर्मचारियों को आसान और समयबद्ध वित्तीय सहायता उपलब्ध कराने के उद्देश्य से यह डिजिटल ऋण सुविधा शुरू की गई है। यह व्यवस्था सुशासन, पारदर्शिता और तकनीक आधारित प्रशासनिक सुधारों को भी मजबूत करेगी।
वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार कर्मचारियों के हितों के संरक्षण और आर्थिक सशक्तिकरण के लिए लगातार काम कर रही है। उन्होंने बताया कि कर्मचारी ई-कोष के Employee Corner के माध्यम से निर्धारित प्रक्रिया का पालन कर इस सुविधा का लाभ ले सकेंगे। आवेदन से पहले कर्मचारियों को ब्याज दर, ईएमआई, शुल्क और Key Fact Statement (KFS) जैसी सभी आवश्यक जानकारियां उपलब्ध कराई जाएंगी, ताकि वे पूरी जानकारी के आधार पर निर्णय ले सकें।
नई व्यवस्था के तहत पात्र कर्मचारी ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे। ई-केवाईसी, डिजिटल प्रमाणीकरण और सहमति (Consent) की प्रक्रिया पूरी होने के बाद ऋण स्वीकृति और राशि वितरण की प्रक्रिया तेजी से पूरी की जाएगी। ऋण की मासिक किस्तें निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार कर्मचारी के वेतन से काटी जाएंगी।
वित्त विभाग द्वारा जारी मानक संचालन प्रक्रिया (SOP) के अनुसार पूरी व्यवस्था में डेटा सुरक्षा, गोपनीयता और डिजिटल प्रमाणीकरण के उच्च मानकों का पालन किया जाएगा। कर्मचारियों की व्यक्तिगत जानकारी का उपयोग केवल उनकी सहमति से किया जाएगा।
सरकार का कहना है कि इस सुविधा से कर्मचारियों को चिकित्सा, शिक्षा, पारिवारिक या अन्य आकस्मिक जरूरतों के लिए समय पर वित्तीय सहायता मिलेगी। इससे उनकी आर्थिक सुरक्षा मजबूत होगी और औपचारिक वित्तीय सेवाओं तक उनकी पहुंच भी आसान बनेगी।


