Raipur City News: रायपुर पुलिस ने देशभर के फाइव स्टार होटलों को निशाना बनाने वाले एक शातिर अंतरराज्यीय ठग बिंगसन जॉन (69) को ओडिशा के भुवनेश्वर से गिरफ्तार किया है। आरोपी पर देश के 10 से अधिक राज्यों के करीब 300 लग्जरी होटलों में ठगी और चोरी की वारदातों को अंजाम देने का आरोप है।

पुलिस के अनुसार, आरोपी ने रायपुर के तेलीबांधा स्थित होटल हयात में 25 जून को चेक-इन किया था। 27 जून की सुबह वह बिना चेक-आउट किए होटल से फरार हो गया। इस दौरान उसने 63,755 रुपये का होटल बिल नहीं चुकाया और होटल से किराए पर लिया गया करीब 1.48 लाख रुपये का लैपटॉप भी अपने साथ ले गया।
होटल प्रबंधन की शिकायत के बाद एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट तथा तेलीबांधा थाना पुलिस ने तकनीकी जांच शुरू की। मोबाइल लोकेशन के आधार पर पुलिस टीम ने भुवनेश्वर में दबिश देकर महज 72 घंटे के भीतर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे से चोरी किया गया लैपटॉप भी बरामद कर लिया गया है।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसने अपने शुरुआती दिनों में एक होटल में वेटर के रूप में काम किया था। मेहनताना नहीं मिलने के बाद उसने अपराध की राह पकड़ ली। वह खुद को कभी विदेशी ट्रैवल गाइड, कभी इंग्लिश टीचर तो कभी योगा टीचर बताकर महंगे होटलों में ठहरता था। कई दिनों तक होटल की सुविधाओं का लाभ उठाने के बाद मौका मिलते ही कीमती सामान लेकर फरार हो जाता था।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि बिंगसन जॉन कुख्यात अंतरराष्ट्रीय अपराधी चार्ल्स शोभराज से प्रभावित था और उसी की तर्ज पर ठगी के तरीके अपनाता था।
मूल रूप से तमिलनाडु के तूतीकोरिन का रहने वाला आरोपी पहले भी कई मामलों में जेल जा चुका है। वह वर्ष 1996 में तिहाड़ जेल भी रह चुका है और अब तक अपने जीवन के करीब 15 वर्ष विभिन्न जेलों में बिता चुका है।
रायपुर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 318(4) के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश किया है। पुलिस अब अन्य राज्यों से भी उसके आपराधिक रिकॉर्ड की जानकारी जुटा रही है।


