CG Cooperative News: मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि सहकारिता किसानों की आय बढ़ाने, ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने और आत्मनिर्भर छत्तीसगढ़ के निर्माण का सबसे प्रभावी माध्यम बन रही है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में शुरू हुए सहकारिता मंत्रालय ने देश में ‘सहकार से समृद्धि’ के संकल्प को नई दिशा दी है।
रायपुर स्थित इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय में आयोजित राज्य स्तरीय सहकारी सम्मेलन में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने संग्रहण वर्ष 2023 के 7.14 लाख तेंदूपत्ता संग्राहकों के लिए 162 करोड़ रुपये से अधिक की प्रोत्साहन राशि वितरण का शुभारंभ किया। साथ ही उत्कृष्ट सहकारी समितियों को ‘सहकार प्रेरणा पुरस्कार’ से सम्मानित किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में 1352 नई सहकारी समितियों का गठन किया गया है, जिससे सहकारिता का विस्तार गांव-गांव तक हुआ है। उन्होंने बताया कि सरकार पशुपालन, दुग्ध उत्पादन, वनोपज, मत्स्य पालन और ग्रामीण उद्यमिता जैसे क्षेत्रों में भी सहकारिता को बढ़ावा दे रही है।
उन्होंने कहा कि पहले किसानों को खेती के लिए 16 से 18 प्रतिशत ब्याज पर ऋण लेना पड़ता था, लेकिन अब सहकारिता व्यवस्था और किसान क्रेडिट कार्ड (KCC) के माध्यम से बिना ब्याज ऋण उपलब्ध कराया जा रहा है। इस वर्ष प्रदेश के 15 लाख से अधिक किसानों को 8 हजार करोड़ रुपये से ज्यादा का कृषि ऋण दिया गया है।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने सहकारिता विभाग के ऑनलाइन पोर्टल का भी शुभारंभ किया। इसके जरिए किसानों का पंजीयन पूरी तरह ऑनलाइन, पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से किया जा सकेगा।
मुख्यमंत्री ने सहकारी संस्थाओं के प्रदर्शनी स्टॉलों का अवलोकन किया, छत्तीसगढ़ हर्बल्स के पांच नए उत्पादों का लोकार्पण किया, पांच नई पैक्स समितियों को माइक्रो एटीएम वितरित किए तथा महिला स्व-सहायता समूहों, वन-धन समितियों और किसानों को विभिन्न योजनाओं के तहत लाभांश, सामग्री और केसीसी ऋण वितरित किए।

