रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने चिंतन शिविर 3.0 के दूसरे दिन की शुरुआत योगाभ्यास के साथ की। भारतीय प्रबंधन संस्थान (आईआईएम) नवा रायपुर के स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में आयोजित विशेष योग सत्र में उन्होंने मंत्रिमंडल के सदस्यों के साथ विभिन्न योगासन और प्राणायाम का अभ्यास किया।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि योग भारत की प्राचीन ज्ञान परंपरा की अमूल्य धरोहर है, जो स्वस्थ शरीर, शांत मन और संतुलित जीवन का आधार है। उन्होंने कहा कि नियमित योग से न केवल शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य बेहतर होता है, बल्कि व्यक्ति प्रकृति के साथ सामंजस्य स्थापित करना भी सीखता है। उन्होंने प्रदेशवासियों से योग को अपनी दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाने की अपील की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सुशासन और प्रभावी निर्णय क्षमता के लिए शारीरिक एवं मानसिक रूप से स्वस्थ रहना आवश्यक है। इसी उद्देश्य से चिंतन शिविर के दौरान दिन की शुरुआत योग से की गई, ताकि सकारात्मक ऊर्जा और एकाग्रता के साथ राज्य के विकास से जुड़े विषयों पर सार्थक विचार-विमर्श किया जा सके।
उन्होंने कहा कि चिंतन शिविर 3.0 में आयोजित सामूहिक योगाभ्यास अनुशासन, स्वस्थ जीवनशैली और सकारात्मक सोच को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। इससे शासन व्यवस्था में बेहतर कार्यसंस्कृति विकसित करने में भी मदद मिलेगी।
योग सत्र में उपमुख्यमंत्री अरुण साव सहित मंत्रिमंडल के सदस्य और आईआईएम रायपुर के अधिकारी भी उपस्थित रहे।


