रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने रविवार को अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स), रायपुर पहुंचकर पद्म विभूषण से सम्मानित विश्वविख्यात पंडवानी गायिका डॉ. तीजन बाई के पार्थिव शरीर पर पुष्पचक्र अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी। इस दौरान उन्होंने शोकाकुल परिजनों से मुलाकात कर अपनी गहरी संवेदनाएं भी व्यक्त कीं।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि डॉ. तीजन बाई ने अपनी अद्वितीय कला-साधना और विलक्षण प्रतिभा के दम पर पंडवानी को विश्व पटल पर विशिष्ट पहचान दिलाई। उन्होंने छत्तीसगढ़ की लोक संस्कृति को देश-विदेश तक पहुंचाकर प्रदेश का गौरव बढ़ाया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि डॉ. तीजन बाई का निधन छत्तीसगढ़ की लोक संस्कृति और सांस्कृतिक विरासत के लिए अपूरणीय क्षति है। उनकी कला, योगदान और सांस्कृतिक विरासत आने वाली पीढ़ियों को सदैव प्रेरित करती रहेगी।
इस अवसर पर स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल, विधायक पुरंदर मिश्रा सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक भी उपस्थित रहे।


