रायपुर: उप मुख्यमंत्री अरुण साव की घोषणा के बाद छत्तीसगढ़ सरकार ने बड़ा फैसला लेते हुए राज्य के संभागीय और जिला मुख्यालय वाले 32 नगरीय निकायों में देश के पहले उद्योग मंत्री, प्रख्यात शिक्षाविद और राष्ट्रवादी विचारक डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की प्रतिमा स्थापित करने के लिए 10 करोड़ 60 लाख रुपये मंजूर किए हैं।
नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग ने रायपुर, दुर्ग, बिलासपुर, जगदलपुर और अंबिकापुर सहित 5 संभागीय मुख्यालयों में प्रतिमा स्थापना एवं परिसर के सौंदर्यीकरण के लिए 50-50 लाख रुपये स्वीकृत किए हैं। वहीं 27 जिला मुख्यालय वाले नगरीय निकायों (4 नगर निगम और 23 नगर पालिका) को 30-30 लाख रुपये की मंजूरी दी गई है।
उल्लेखनीय है कि 6 जुलाई को डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की 125वीं जयंती है। इसी अवसर को ध्यान में रखते हुए विभाग ने तेजी से कार्रवाई करते हुए प्रतिमा स्थापना के लिए राशि स्वीकृति के आदेश जारी कर दिए हैं।
उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी राष्ट्र की एकता, अखंडता और सांस्कृतिक राष्ट्रवाद के प्रखर पुरोधा थे। उन्होंने “एक देश, एक निशान, एक विधान और एक प्रधान” के संकल्प को लेकर देश की एकता के लिए सर्वोच्च बलिदान दिया।
उन्होंने कहा कि डॉ. मुखर्जी के विचार आज भी समाज और विशेषकर युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत हैं। प्रदेश के प्रमुख नगरीय क्षेत्रों में उनकी प्रतिमाएं स्थापित होने से नई पीढ़ी उनके व्यक्तित्व और कृतित्व से प्रेरणा ले सकेगी। उन्होंने यह भी बताया कि डॉ. मुखर्जी देश के सबसे युवा कुलपति रहे और शिक्षा के क्षेत्र में भी उनका योगदान ऐतिहासिक रहा है।
उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि प्रतिमा स्थापना के साथ-साथ संबंधित परिसरों का आकर्षक सौंदर्यीकरण भी किया जाए तथा सभी कार्य निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरे किए जाएं, ताकि नागरिकों को जल्द ही इन विकसित सार्वजनिक स्थलों का लाभ मिल सके।


