CG Accident | बलरामपुर: छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले में सोमवार को एक भीषण सड़क हादसा हो गया। वाड्रफनगर पुलिस चौकी क्षेत्र के चुरैला नाला के पास दो बाइकों की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत के बाद दोनों वाहनों में आग लग गई। हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों बाइक सड़क पर गिरते ही आग की लपटों में घिर गईं। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत राहत कार्य शुरू किया और पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही वाड्रफनगर पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को तत्काल सिविल अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका इलाज जारी है।
पुलिस ने मृतक की पहचान की प्रक्रिया शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में हादसे की वजह दोनों बाइकों की आमने-सामने की टक्कर बताई जा रही है। हालांकि दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए पुलिस घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की विस्तृत जांच कर रही है।


