CG News: पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के अंतर्गत संचालित छत्तीसगढ़ राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन (बिहान) के लोकप्रिय कार्यक्रम ‘दीदी के गोठ’ ने अपनी एक वर्ष की सफल, प्रेरणादायक और जनभागीदारी से परिपूर्ण यात्रा पूरी कर ली है। इस अवसर पर ‘दीदी के गोठ वार्षिकोत्सव–2026’ सह संकुल स्तरीय संगठन सम्मेलन का भव्य आयोजन 9 जुलाई 2026 को रायपुर स्थित पंडित दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम में किया जाएगा।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण महिलाओं की प्रेरक कहानियों, उनके संघर्ष, नेतृत्व क्षमता और आजीविका में हासिल उपलब्धियों को मंच प्रदान करना तथा उन्हें सम्मानित करना है। बीते एक वर्ष में ‘दीदी के गोठ’ ने महिला स्व-सहायता समूहों को सशक्त बनाने, वित्तीय साक्षरता बढ़ाने और सामाजिक-आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
इस गरिमामय आयोजन में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। कार्यक्रम की अध्यक्षता उपमुख्यमंत्री एवं पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री विजय शर्मा करेंगे। इसके अलावा विभिन्न जनप्रतिनिधि, विभागीय अधिकारी, स्व-सहायता समूहों की महिलाएं और समाज के विभिन्न वर्गों के प्रतिनिधि भी कार्यक्रम में शामिल होंगे।
गौरतलब है कि ‘दीदी के गोठ’ का पहला एपिसोड अगस्त 2025 में ‘लखपति दीदी’ विषय पर प्रसारित हुआ था। इसके बाद प्रत्येक माह के दूसरे गुरुवार को प्रदेश के विभिन्न जिलों की महिलाओं ने ड्रोन दीदी, एफपीसी, जेंडर समानता, सरस मेला, वित्तीय जागरूकता, साइबर सुरक्षा और ‘छत्तीसकला’ ब्रांड जैसे विषयों पर अपनी प्रेरक सफलता की कहानियां साझा कीं। कार्यक्रम की एक वर्ष की सफल यात्रा का विशेष प्रसारण भी 9 जुलाई 2026 को किया जाएगा।


