CG Breaking: छत्तीसगढ़ के मुख्य सचिव विकासशील ने सोमवार को रायपुर स्थित मंत्रालय महानदी भवन में राज्य शासन के सभी विभागों के सचिवों की महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक ली। बैठक में विभागों के प्रमुख कार्यों, विभिन्न योजनाओं के क्रियान्वयन और उनकी प्रगति की विस्तार से समीक्षा की गई।
बैठक के दौरान मुख्य सचिव ने सभी विभागों को बैकलॉग के रिक्त पदों पर भर्ती प्रक्रिया शीघ्र शुरू करने के निर्देश दिए। उन्होंने विभागीय सचिवों से कहा कि वे अपने-अपने विभागों की योजनाओं की नियमित मॉनिटरिंग करें और उनके प्रभावी क्रियान्वयन को सुनिश्चित करें।
समीक्षा बैठक में ई-ऑफिस, लोक सेवा गारंटी, नियद नेल्लानार डैशबोर्ड, सुघ्घर छत्तीसगढ़, पीएम प्रगति पोर्टल, ई-प्रगति सीजी स्टेट पोर्टल, डी-रेगुलेशन ई-गजट, सेवा सेतु, ग्रामीण विकास विभाग की योजनाएं तथा पीएम सूर्य घर बिजली योजना सहित कई महत्वपूर्ण योजनाओं की प्रगति की जानकारी ली गई।
मुख्य सचिव ने शासन की महत्वपूर्ण परियोजनाओं से जुड़े भू-अर्जन के लंबित प्रकरणों का जल्द निराकरण करने के भी निर्देश दिए, ताकि विकास कार्यों में अनावश्यक देरी न हो।
बैठक में विभिन्न विभागों के अपर मुख्य सचिव, प्रमुख सचिव और सचिव स्तर के अधिकारी मौजूद रहे। इस दौरान राज्य सरकार की प्राथमिकता वाली योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन और समयबद्ध लक्ष्य पूरे करने पर विशेष जोर दिया गया।


