CG News: छत्तीसगढ़ के उपमुख्यमंत्री एवं पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री विजय शर्मा ने प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के पात्र हितग्राहियों को लाभ दिलाने के लिए केंद्र सरकार से आवश्यक पहल करने का आग्रह किया है। उन्होंने केंद्रीय ग्रामीण विकास एवं कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान को पत्र लिखकर इस संबंध में व्यावहारिक समस्याओं से अवगत कराया है।
अपने पत्र में विजय शर्मा ने नई दिल्ली में 28 और 29 जून 2026 को आयोजित राष्ट्रीय ग्रामीण सम्मेलन के सफल आयोजन पर शिवराज सिंह चौहान को बधाई देते हुए कहा कि यह सम्मेलन वर्ष 2047 तक विकसित भारत के लक्ष्य की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने ग्रामीण विकास के क्षेत्र में केंद्रीय मंत्री के नेतृत्व की सराहना भी की।
उपमुख्यमंत्री ने बताया कि 24 जून को प्रदेशभर में आयोजित ग्राम सभाओं में आवास प्लस 2.0 की सूची प्रस्तुत की गई थी। इस दौरान कई पात्र परिवारों का सर्वे पलायन या अन्य कारणों से नहीं हो सका, जबकि कुछ परिवारों का सर्वे होने के बावजूद तकनीकी कारणों से उनका डेटा पोर्टल पर प्रदर्शित नहीं हुआ। इसके चलते बड़ी संख्या में पात्र परिवार आवास स्वीकृति से वंचित रह गए।
विजय शर्मा ने केंद्रीय मंत्री से आग्रह किया कि इन समस्याओं के समाधान के लिए भारत सरकार स्तर पर आवश्यक निर्णय लिए जाएं, ताकि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के “हर पात्र परिवार को आवास” के संकल्प को पूरी तरह साकार किया जा सके। उन्होंने छत्तीसगढ़ के प्रति शिवराज सिंह चौहान के सहयोग और मार्गदर्शन के लिए उनका आभार भी व्यक्त किया।


