CG Breaking: महादेव ऑनलाइन बेटिंग ऐप मामले के प्रमुख आरोपी सौरभ चंद्राकर को ओमान में गिरफ्तार किए जाने की खबर सामने आई है। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, भारतीय जांच एजेंसियों के अनुरोध पर जारी इंटरपोल के रेड नोटिस के आधार पर रॉयल ओमान पुलिस ने यह कार्रवाई की है। हालांकि, इंटरपोल, भारत सरकार या जांच एजेंसियों की ओर से अभी तक इस गिरफ्तारी की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, सौरभ चंद्राकर पर फर्जी इंडोनेशियाई पासपोर्ट के जरिए ओमान में प्रवेश करने का आरोप है। बताया जा रहा है कि वह पिछले कुछ समय से संयुक्त अरब अमीरात (UAE) में रह रहा था। गिरफ्तारी के बाद उसे मस्कट के अल खौद हाई सिक्योरिटी डिटेंशन सेंटर में रखा गया है।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, चंद्राकर के खिलाफ फर्जी पासपोर्ट के इस्तेमाल और अवैध रूप से ओमान में प्रवेश करने का मामला दर्ज किया गया है। उसने अपनी कानूनी पैरवी के लिए मस्कट में वकीलों की एक टीम भी नियुक्त की है।
गौरतलब है कि वर्ष 2024 में भी इंटरपोल रेड नोटिस के आधार पर यूएई में सौरभ चंद्राकर को हिरासत में लिया गया था। हालांकि, बाद में उसे रिहा कर दिया गया था और भारत का प्रत्यर्पण अनुरोध लागू नहीं हो सका था।
महादेव ऑनलाइन बेटिंग ऐप मामले की जांच प्रवर्तन निदेशालय (ED) और CBI कर रही हैं। जांच एजेंसियां कथित अवैध ऑनलाइन सट्टेबाजी, मनी लॉन्ड्रिंग और वित्तीय लेन-देन की जांच में जुटी हैं। ED के अनुसार, अब तक 175 से अधिक स्थानों पर छापेमारी, 13 आरोपियों की गिरफ्तारी, 74 लोगों को आरोपी बनाया जा चुका है। वहीं, रायपुर की विशेष PMLA अदालत में 5 अभियोजन शिकायतें दाखिल की गई हैं। एजेंसी के मुताबिक, मामले में अब तक लगभग 4,336 करोड़ रुपये की चल एवं अचल संपत्तियां अटैच, सीज या फ्रीज की जा चुकी हैं।
नोट: यह खबर फिलहाल मीडिया रिपोर्ट्स पर आधारित है। सौरभ चंद्राकर की गिरफ्तारी को लेकर संबंधित एजेंसियों की आधिकारिक पुष्टि का इंतजार है।


