CG News: रायपुर विकास प्राधिकरण (RDA) ने नागरिकों की सुविधा और पारदर्शिता को ध्यान में रखते हुए अपनी संपत्तियों की बुकिंग प्रक्रिया पूरी तरह ऑनलाइन कर दी है। अब इच्छुक नागरिक घर बैठे ही प्राधिकरण की वेबसाइट के माध्यम से संपत्तियों की जानकारी प्राप्त कर ऑनलाइन आवेदन, बुकिंग और मेंटेनेंस शुल्क का भुगतान कर सकेंगे।
प्रथम चरण में कमल विहार और रावभाटा सहित लगभग 121 आवासीय एवं व्यावसायिक संपत्तियों को ऑनलाइन बुकिंग के लिए उपलब्ध कराया गया है। कमल विहार में आवासीय फ्लैट, आवासीय और व्यावसायिक भूखंड उपलब्ध हैं, जबकि रावभाटा में व्यावसायिक संपत्तियों की बुकिंग शुरू की गई है।
आर्थिक रूप से कमजोर एवं निम्न आय वर्ग के हितग्राहियों के लिए भी आवासीय संपत्तियों की सुविधा उपलब्ध कराई गई है, ताकि प्रत्येक वर्ग के नागरिक अपनी आवश्यकता और सामर्थ्य के अनुसार आवास प्राप्त कर सकें।
नई व्यवस्था के तहत हितग्राही अब घर बैठे ही वेबसाइट के माध्यम से मेंटेनेंस शुल्क का ऑनलाइन भुगतान भी कर सकेंगे। इससे कार्यालय आने की आवश्यकता नहीं होगी और पूरी प्रक्रिया पहले से अधिक आसान, तेज और पारदर्शी बनेगी।
रायपुर विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष नंदे साहू ने कहा कि ऑनलाइन बुकिंग व्यवस्था से समय की बचत होगी, प्रक्रिया सरल बनेगी और संपत्तियों के आवंटन में पारदर्शिता सुनिश्चित होगी। वहीं मुख्य कार्यपालन अधिकारी अवनीश कुमार शरण ने बताया कि लंबे समय से बंद बुकिंग प्रक्रिया को दोबारा शुरू करते हुए सभी उपलब्ध संपत्तियों को एक साथ ऑनलाइन पोर्टल पर लाइव किया गया है।
उन्होंने कहा कि प्राधिकरण का लक्ष्य अधिकाधिक सेवाओं का डिजिटलीकरण कर नागरिकों को सहज, सरल और पारदर्शी सेवाएं उपलब्ध कराना है। ऑनलाइन आवेदन, बुकिंग और डिजिटल भुगतान की यह सुविधा नागरिक सेवाओं को और अधिक प्रभावी एवं सुलभ बनाएगी।


