रायपुर। CG Weather Update: छत्तीसगढ़ में तीन दिन के ब्रेक के बाद मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है। मौसम विभाग ने अगले चार दिनों तक प्रदेश के कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई है। वहीं उत्तर छत्तीसगढ़ के एक-दो क्षेत्रों में गरज-चमक के साथ बिजली गिरने की चेतावनी भी जारी की गई है।
मौसम विभाग के अनुसार, आज (9 जुलाई) प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में बादल छाए रहेंगे और कई स्थानों पर बारिश हो सकती है। रायपुर में अधिकतम तापमान 31 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। पिछले 24 घंटों में रायपुर 32 डिग्री सेल्सियस के साथ सबसे गर्म रहा, जबकि पेंड्रारोड में न्यूनतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
प्रदेश में अब तक 17% कम बारिश
1 जून से 8 जुलाई तक छत्तीसगढ़ में औसतन 239.2 मिमी बारिश दर्ज की गई है, जबकि सामान्य औसत 286.7 मिमी होना चाहिए था। इस तरह प्रदेश में अब तक सामान्य से 17 प्रतिशत कम वर्षा रिकॉर्ड की गई है।
इन जिलों में सामान्य से ज्यादा बारिश
हालांकि कुछ जिलों में सामान्य से अधिक बारिश हुई है। सारंगढ़-बिलाईगढ़ सबसे आगे रहा, जहां 450.7 मिमी वर्षा दर्ज की गई, जो सामान्य से 84 प्रतिशत अधिक है। इसके अलावा दंतेवाड़ा (356.4 मिमी), मुंगेली (324 मिमी), सक्ती (318.2 मिमी), महासमुंद (309.2 मिमी), रायपुर (297 मिमी) और जांजगीर-चांपा (293.3 मिमी) में भी सामान्य से अधिक बारिश रिकॉर्ड की गई है।
इन जिलों में बारिश की भारी कमी
सरगुजा में सबसे कम 144.4 मिमी बारिश दर्ज की गई, जो सामान्य से 53 प्रतिशत कम है। इसके अलावा कांकेर (48% कम), जशपुर (43% कम), कोरिया (36% कम), गौरेला-पेंड्रा-मरवाही (32% कम), मोहला-मानपुर-चौकी (31% कम), कोंडागांव (30% कम), बेमेतरा (29% कम), सुकमा (27% कम) और सूरजपुर (26% कम) में भी सामान्य से काफी कम बारिश हुई है।


