CG Crime: छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले के केरेगांव थाना क्षेत्र में कथित अवैध संबंध के शक में एक युवक की हत्या का मामला सामने आया है। पुलिस ने आरोपी पति के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मृतक की पहचान मध्य प्रदेश के मंदसौर निवासी शंकर सूर्यवंशी के रूप में हुई है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, करीब एक वर्ष पहले उसकी पहचान गांव की एक महिला से मोबाइल फोन के जरिए हुई थी। दोनों के बीच बातचीत बढ़ी और बाद में दोनों के बीच नजदीकियां भी बढ़ गईं। बताया जा रहा है कि युवक ने खुद को सेना का जवान बताकर महिला का विश्वास जीता था।
जानकारी के मुताबिक, बुधवार को शंकर अपनी महिला मित्र से मिलने धमतरी पहुंचा था। रात के समय वह महिला के घर पर मौजूद था। इसी दौरान महिला का पति घर पहुंचा और दोनों को कथित रूप से आपत्तिजनक स्थिति में देख लिया।
पुलिस के अनुसार, इसके बाद आरोपी ने गुस्से में टंगिया से युवक पर हमला कर दिया। गंभीर चोट लगने से शंकर सूर्यवंशी की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही केरेगांव थाना पुलिस मौके पर पहुंची। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस ने आरोपी पति के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है और पूरे मामले की विस्तृत जांच की जा रही है.
नोट: युवक और महिला के संबंधों तथा घटना से जुड़े अन्य तथ्यों की पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट होगी।


