CG News: छत्तीसगढ़ सरकार ने राज्य की स्कूली शिक्षा व्यवस्था में बड़ा बदलाव करते हुए शैक्षणिक सत्र 2027-28 से नया शिक्षा सत्र 1 अप्रैल से 31 मार्च तक संचालित करने का फैसला किया है। इस संबंध में स्कूल शिक्षा विभाग ने आवश्यक दिशा-निर्देश जारी कर दिए हैं।
नई व्यवस्था लागू होने के बाद वर्तमान में 16 जून से शुरू होने वाला शिक्षा सत्र समाप्त हो जाएगा। हालांकि छात्रों की गर्मी की छुट्टियां पहले की तरह 1 मई से 15 जून तक जारी रहेंगी।
सरकार के अनुसार प्रत्येक वर्ष 1 अप्रैल को शाला प्रवेश उत्सव आयोजित किया जाएगा। इसी दिन से नि:शुल्क पाठ्यपुस्तकों का वितरण, सरस्वती साइकिल योजना, स्कूल गणवेश वितरण और अन्य छात्रहितैषी योजनाओं का संचालन भी शुरू किया जाएगा, ताकि विद्यार्थियों को सत्र की शुरुआत से ही सभी आवश्यक सुविधाएं मिल सकें।
राज्य सरकार का कहना है कि इस बदलाव से छत्तीसगढ़ का शिक्षा कैलेंडर देश के अन्य प्रमुख शिक्षा बोर्डों के अनुरूप हो जाएगा। इससे विद्यार्थियों को समय पर अध्ययन सामग्री उपलब्ध होगी और शिक्षण व्यवस्था अधिक व्यवस्थित एवं प्रभावी बन सकेगी।
स्कूल शिक्षा विभाग के मुताबिक, नए सत्र की व्यवस्था लागू करने के लिए आवश्यक प्रशासनिक तैयारियां समय रहते पूरी की जाएंगी, ताकि 2027-28 से पूरे राज्य में नई प्रणाली को सुचारु रूप से लागू किया जा सके।


