CG News: छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले के सीतापुर में गुरुवार को तेज बारिश के बीच महिला एवं बाल विकास विभाग के कार्यालय में बड़ा हादसा हो गया। जर्जर भवन की छत का प्लास्टर अचानक गिरने से परियोजना अधिकारी समेत तीन कर्मचारी घायल हो गए। घटना के बाद कार्यालय में अफरा-तफरी मच गई।
जानकारी के अनुसार, हादसे के समय कार्यालय में कर्मचारी अपने नियमित कार्य में व्यस्त थे। लगातार हो रही बारिश के बीच भवन की कमजोर छत का प्लास्टर अचानक भरभराकर नीचे गिर गया, जिसकी चपेट में तीन कर्मचारी आ गए।
घटना के तुरंत बाद सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, सीतापुर पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है। चिकित्सकों के अनुसार सभी घायलों की हालत फिलहाल स्थिर है।
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, महिला एवं बाल विकास विभाग का यह कार्यालय लंबे समय से जर्जर भवन में संचालित हो रहा था। बारिश के दौरान हुए इस हादसे के बाद भवन की सुरक्षा और रखरखाव को लेकर गंभीर सवाल उठने लगे हैं।
घटना के बाद स्थानीय लोगों और विभागीय कर्मचारियों ने प्रशासन से जर्जर भवन की तत्काल मरम्मत कराने या कार्यालय को सुरक्षित नए भवन में स्थानांतरित करने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।


