CG News: छत्तीसगढ़ के खैरागढ़ जिले में वन विभाग ने वन्यजीव तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गंडई वन परिक्षेत्र में की गई इस कार्रवाई में आरोपियों के कब्जे से अनुसूची-1 में संरक्षित इंडियन मॉनिटर लिजर्ड (गोह) समेत तीन जीवित वन्यजीव बरामद किए गए हैं।
वन विभाग के अनुसार, 8 जुलाई को विशेष अभियान के तहत टीम ने पल्सर मोटरसाइकिल से वन्यजीवों का अवैध परिवहन कर रहे दो तस्करों को रंगे हाथ पकड़ा। तलाशी के दौरान उनके पास से एक जीवित गोह, एक वाटर हेन और एक तीतर बरामद किया गया।
कार्रवाई के दौरान वन विभाग ने अवैध शिकार में इस्तेमाल होने वाले जाल, फंदा, चाकू और परिवहन में प्रयुक्त मोटरसाइकिल भी जब्त कर ली। आरोपियों के खिलाफ वन्यजीव (संरक्षण) अधिनियम, 1972 की धारा 9, 39, 48-क, 49 और 51(1) के तहत मामला दर्ज किया गया है।
9 जुलाई को दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें 22 जुलाई तक न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया। वन विभाग ने बताया कि यह कार्रवाई वनमंडलाधिकारी के मार्गदर्शन और उपवनमंडलाधिकारी के निर्देशन में वन परिक्षेत्र अधिकारी संजीत मरकाम के नेतृत्व में की गई।


