रायपुर। मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने महतारी वंदन योजना के तहत प्रदेश की महिलाओं को एक और बड़ी सौगात देते हुए योजना की 29वीं किस्त जारी कर दी। रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास कार्यालय से आयोजित कार्यक्रम में उन्होंने डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (DBT) के माध्यम से 626.25 करोड़ रुपये की राशि सीधे 66 लाख से अधिक पात्र विवाहित महिलाओं के बैंक खातों में अंतरित की। इस अवसर पर महिला एवं बाल विकास मंत्री श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े भी उपस्थित रहीं।
मुख्यमंत्री श्री साय ने बताया कि महतारी वंदन योजना के तहत अब तक 29 किस्तों में कुल 18,805.83 करोड़ रुपये सीधे लाभार्थी महिलाओं के खातों में भेजे जा चुके हैं। उन्होंने कहा कि यह योजना महिलाओं के सम्मान, आर्थिक सशक्तिकरण और परिवार की वित्तीय मजबूती की दिशा में राज्य सरकार की महत्वपूर्ण पहल है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश के विभिन्न जिलों के भ्रमण के दौरान महिलाओं ने बताया कि योजना से मिलने वाली राशि का उपयोग वे सिलाई-कढ़ाई, छोटे व्यवसाय, स्वरोजगार, बच्चों की शिक्षा, स्वास्थ्य और परिवार की दैनिक जरूरतों को पूरा करने में कर रही हैं। इससे महिलाओं का आत्मविश्वास बढ़ा है और परिवार की आर्थिक स्थिति भी मजबूत हुई है।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि योजना का लाभ सभी पात्र महिलाओं तक समय पर पहुंचे। इसके लिए ई-केवाईसी प्रक्रिया को तेजी से पूरा किया जाए। उन्होंने विशेष रूप से बस्तर संभाग में इस कार्य को प्राथमिकता के आधार पर पूर्ण करने के निर्देश दिए, ताकि कोई भी पात्र महिला योजना के लाभ से वंचित न रहे।
गौरतलब है कि महतारी वंदन योजना की शुरुआत 1 मार्च 2024 से पूरे छत्तीसगढ़ में की गई थी। योजना के तहत 21 वर्ष या उससे अधिक आयु की पात्र विवाहित महिलाओं को प्रतिमाह 1,000 रुपये की आर्थिक सहायता सीधे उनके बैंक खातों में भेजी जाती है। योजना का उद्देश्य महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाना, परिवार के पोषण, बच्चों की शिक्षा, स्वास्थ्य, कुपोषण और एनीमिया की रोकथाम के साथ-साथ स्वरोजगार को बढ़ावा देना है।

