एमसीबी। मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में प्रदेश में पर्यावरण संरक्षण और स्वास्थ्य अधोसंरचना को मजबूत करने की दिशा में लगातार कार्य किए जा रहे हैं। इसी क्रम में वन महोत्सव-2026 के तहत एमसीबी जिले के परसगढ़ी स्थित निर्माणाधीन मेडिकल कॉलेज परिसर में आयोजित कार्यक्रम में स्वास्थ्य मंत्री श्री श्याम बिहारी जायसवाल ने पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। उन्होंने तेंदूपत्ता संग्राहकों को बोनस चेक वितरित किए तथा ‘तुहर पौधा तुहर द्वार’ योजना के तहत पौधों के निःशुल्क वितरण के लिए विशेष वाहन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
कार्यक्रम की शुरुआत छत्तीसगढ़ महतारी के छायाचित्र पर दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुई। इसके बाद स्वास्थ्य मंत्री, जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने चंदन, मौलश्री, अशोक और आंवला सहित विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया।
स्वास्थ्य मंत्री श्री जायसवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान को जन-आंदोलन बनाने की आवश्यकता है। उन्होंने प्रत्येक परिवार से कम से कम एक पौधा लगाने और उसके संरक्षण का आह्वान करते हुए कहा कि वृक्ष आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य की मजबूत नींव हैं।
इसी वर्ष शुरू होगा मेडिकल कॉलेज
स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि परसगढ़ी में निर्माणाधीन मेडिकल कॉलेज का संचालन इसी वर्ष शुरू करने का लक्ष्य रखा गया है। आधुनिक सुविधाओं से लैस यह संस्थान एमसीबी जिले के साथ-साथ सरगुजा संभाग, छत्तीसगढ़ के अन्य जिलों और मध्यप्रदेश के सीमावर्ती क्षेत्रों के विद्यार्थियों एवं मरीजों के लिए भी महत्वपूर्ण केंद्र बनेगा।
उन्होंने बताया कि मेडिकल कॉलेज के समीप स्थित गोंडवाना मरीन फॉसिल्स पार्क और बेहतर रेल कनेक्टिविटी इस संस्थान की विशेष पहचान होगी।
16 लाख पौधरोपण, 2 लाख पौधे होंगे निःशुल्क वितरित
वनमंडलाधिकारी चंद्र कुमार अग्रवाल ने बताया कि जिले में वन महोत्सव-2026 के दौरान 16 लाख पौधे लगाए जाएंगे, जबकि ‘तुहर पौधा तुहर द्वार’ योजना के तहत 2 लाख पौधे निःशुल्क वितरित किए जाएंगे। नागरिक अपने लगाए गए पौधों की तस्वीर विभाग के व्हाट्सएप नंबर पर भेजकर हरित संकल्प अभियान में भी भाग ले सकेंगे।
तेंदूपत्ता बोनस और विकास कार्यों की सौगात
कार्यक्रम के दौरान वर्ष 2023 के तेंदूपत्ता संग्रहण का बोनस 11 लघु वनोपज सहकारी समितियों को वितरित किया गया। स्वास्थ्य मंत्री ने बताया कि जिले में मेडिकल कॉलेज के साथ नर्सिंग कॉलेज, फिजियोथेरेपी कॉलेज, मानसिक रोग अस्पताल, डायलिसिस सेंटर, पॉलीटेक्निक कॉलेज, हॉर्टिकल्चर कॉलेज, 220 बिस्तरों वाला अस्पताल, हसदेव नदी पर पुल और सिद्धेश्वर मंदिर तक सड़क निर्माण जैसे कई विकास कार्य तेजी से प्रगति पर हैं।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना, जल जीवन मिशन और महतारी वंदन योजना जैसी जनकल्याणकारी योजनाएं प्रदेश के विकास को नई गति दे रही हैं। कार्यक्रम के अंत में उन्होंने नागरिकों से अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनके संरक्षण का संकल्प लेने का आह्वान किया।


