रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में संचालित सीएम हेल्पलाइन प्रदेश के जरूरतमंद नागरिकों के लिए भरोसेमंद मंच बनकर उभर रही है। इसका ताजा उदाहरण जशपुर जिले के बाबू सजबहार निवासी दिव्यांग प्रफुल्ल बेक हैं, जिनकी बंद पड़ी मोटराइज्ड ट्राइसाइकिल शिकायत दर्ज होने के कुछ ही दिनों में ठीक कर दी गई।
प्रफुल्ल बेक चलने-फिरने में असमर्थ हैं। समाज कल्याण विभाग ने उन्हें गत वर्ष मोटराइज्ड ट्राइसाइकिल उपलब्ध कराई थी, जिससे उनका दैनिक जीवन आसान हो गया था। लेकिन तकनीकी खराबी के कारण पिछले चार महीनों से ट्राइसाइकिल बंद पड़ी थी। इसके चलते उन्हें घर से बाहर निकलने और दैनिक कार्यों के लिए दूसरों पर निर्भर रहना पड़ रहा था।
अपनी समस्या के समाधान के लिए प्रफुल्ल बेक ने 28 जून 2026 को सीएम हेल्पलाइन में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत मिलते ही समाज कल्याण विभाग ने तत्काल कार्रवाई करते हुए संबंधित एजेंसी को उनके घर भेजा। आवश्यक मरम्मत के बाद ट्राइसाइकिल फिर से सुचारु रूप से चालू हो गई।
प्रफुल्ल बेक ने बताया कि यह ट्राइसाइकिल उनके लिए केवल एक वाहन नहीं, बल्कि आत्मनिर्भर जीवन का आधार है। इसके ठीक होने के बाद वे फिर से अपने जरूरी कार्य स्वयं कर पा रहे हैं और स्वतंत्र रूप से आवागमन कर रहे हैं।
उन्होंने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सीएम हेल्पलाइन में शिकायत दर्ज करने के कुछ ही दिनों के भीतर उनकी समस्या का समाधान हो गया, जिससे उन्हें फिर आत्मनिर्भर जीवन जीने का अवसर मिला।
राज्य सरकार का कहना है कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में संचालित सीएम हेल्पलाइन केवल शिकायत निवारण का माध्यम नहीं, बल्कि समयबद्ध और संवेदनशील प्रशासन के जरिए आम नागरिकों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने का प्रभावी मंच बन चुकी है।


