बिलासपुर। जिले के रतनपुर थाना क्षेत्र के नवागांव में पुरानी रंजिश के चलते एक युवक की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। शनिवार रात मछली चोरी के विवाद को लेकर आधा दर्जन आरोपियों ने दो युवकों पर हमला कर दिया। घटना में तीरिथ यादव की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका साथी श्याम सिंह किसी तरह जान बचाकर भागने में सफल रहा।
पुलिस के अनुसार, तीरिथ यादव और श्याम सिंह बाइक से जा रहे थे। इसी दौरान आरोपियों ने स्कॉर्पियो वाहन से उनकी बाइक को टक्कर मार दी। दोनों के सड़क पर गिरते ही हमलावरों ने लाठी-डंडों से हमला शुरू कर दिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, तीरिथ यादव जान बचाने के लिए पास के खेत की ओर भागा, लेकिन आरोपी उसका पीछा करते हुए वहां तक पहुंच गए और बेरहमी से उसकी पिटाई कर दी। गंभीर चोटों के कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई, जबकि श्याम सिंह मौके से भाग निकला।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि कुछ समय पहले मछली चोरी का वीडियो बनाने को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद हुआ था। उस दौरान मोबाइल तोड़ने की शिकायत भी दर्ज हुई थी और पुलिस की मौजूदगी में समझौता कराया गया था। हालांकि, पुरानी रंजिश खत्म नहीं हुई और आखिरकार यह विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया।
घटना के बाद नवागांव और आसपास के क्षेत्र में तनाव का माहौल है। सूचना मिलते ही रतनपुर पुलिस मौके पर पहुंची, शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामला दर्ज कर लिया। पुलिस फरार आरोपियों की तलाश में जुटी है और उनका कहना है कि सभी आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर मामले का खुलासा किया जाएगा।


