अनंतनाग। जम्मू-कश्मीर के अनंतनाग जिले में शनिवार रात मौसम ने अचानक विकराल रूप ले लिया। महज एक घंटे के भीतर दो बार बादल फटने की घटना से कई इलाकों में बाढ़ जैसे हालात बन गए। तेज बारिश और अचानक आए पानी के बहाव से घरों, होटलों और अन्य इमारतों में पानी भर गया, जिससे स्थानीय लोगों और पर्यटकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा।
बादल फटने के बाद कई पर्यटन स्थलों के होटल और आसपास के रिहायशी इलाके जलमग्न हो गए। सूचना मिलते ही प्रशासन, आपदा प्रबंधन दल और स्थानीय टीमें मौके पर पहुंचीं तथा राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। कई स्थानों पर सड़कों पर मलबा जमा होने से यातायात भी प्रभावित हुआ।
प्रशासन के अनुसार, भारी बारिश और बादल फटने के कारण कई जगहों पर भूस्खलन हुआ है, जिससे सड़क संपर्क बाधित हो गया। वहीं खेतों में पानी भरने से फसलों को भी नुकसान पहुंचा है। प्रशासन मशीनों की मदद से मलबा हटाने और यातायात बहाल करने में जुटा हुआ है।
इस बीच, मौसम विभाग ने अगले 24 घंटे के दौरान क्षेत्र में भारी बारिश की संभावना जताते हुए लोगों और पर्यटकों को सतर्क रहने की सलाह दी है। प्रशासन ने भी खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचने और सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की है।
राहत की बात यह है कि फिलहाल किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। हालांकि, शुरुआती आकलन के अनुसार इस प्राकृतिक आपदा से बड़े पैमाने पर आर्थिक नुकसान होने की आशंका है। प्रशासन प्रभावित क्षेत्रों में लगातार निगरानी रखे हुए है और राहत कार्य जारी है।


