रायपुर। उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा के निर्देश पर कबीरधाम जिले के सहसपुर लोहारा तहसील में विशेष राजस्व समस्या निवारण शिविरों की श्रृंखला शुरू हो गई है। कलेक्टर गोपाल वर्मा के मार्गदर्शन में शनिवार को मंगल भवन, सहसपुर लोहारा में आयोजित पहले शिविर में राजस्व संबंधी मामलों का त्वरित निराकरण किया गया।
जिला पंचायत अध्यक्ष ईश्वरी साहू ने बताया कि उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा की पहल का उद्देश्य आम नागरिकों की राजस्व संबंधी समस्याओं का शीघ्र और प्रभावी समाधान सुनिश्चित करना है। उन्होंने जानकारी दी कि जुलाई और अगस्त के दौरान सहसपुर लोहारा में कुल पांच विशेष राजस्व शिविर आयोजित किए जाएंगे।
कलेक्टर गोपाल वर्मा ने अधिकारियों को शिविर में प्राप्त आवेदनों का प्राथमिकता के आधार पर निराकरण करने के निर्देश दिए। जिन मामलों में न्यायालयीन प्रक्रिया आवश्यक है, उनमें भी त्वरित कार्रवाई करते हुए आवेदकों को पूरी जानकारी और आवश्यक मार्गदर्शन देने को कहा गया।
85 मामलों का मौके पर समाधान
शिविर में सिंघनपुरी निवासी रामकुमार और पिरचाटोला निवासी खेमसिंह को मौके पर ही ऋण पुस्तिका प्रदान की गई। शिविर में जाति प्रमाण पत्र, अभिलेख सुधार, फौती नामांतरण, जन्म प्रमाण पत्र, ऋण पुस्तिका, भू-अधिकार पट्टा, बिक्री नकल, राशन कार्ड और बिजली कनेक्शन सहित विभिन्न विषयों से जुड़े 96 आवेदन प्राप्त हुए।
इनमें से 85 प्रकरणों का मौके पर ही निराकरण कर दिया गया, जबकि शेष 11 मामलों में न्यायालयीन प्रक्रिया प्रारंभ की गई।
चार और शिविर होंगे आयोजित
अपर कलेक्टर नरेंद्र पैंकरा ने बताया कि आगामी 21 जुलाई, 1 अगस्त, 11 अगस्त और 21 अगस्त को भी मंगल भवन, सहसपुर लोहारा में विशेष राजस्व समस्या निवारण शिविर लगाए जाएंगे।
इन शिविरों में नामांतरण, बंटवारा, सीमांकन, ऋण पुस्तिका वितरण, नक्शा अद्यतन, आय-जाति-निवास प्रमाण पत्र, डिजिटल हस्ताक्षर, आधार एवं मोबाइल अपडेट, अभिलेख सुधार, व्यपवर्तन, स्वामित्व योजना सहित सभी प्रकार के राजस्व मामलों के आवेदन लेकर उनका समयबद्ध निराकरण किया जाएगा।


