CG News: छत्तीसगढ़ के कोरिया जिले में आदिवासी छात्रा आत्महत्या के चर्चित मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। छात्रा को कथित रूप से प्रताड़ित कर आत्महत्या के लिए उकसाने के आरोप में फरार मुख्य आरोपी विनोद वैद को राजस्थान से गिरफ्तार कर लिया गया है। वहीं मामले के दो अन्य आरोपी अब भी फरार हैं, जिनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार दबिश दे रही है।
पुलिस के अनुसार, पुलिस लाइन निवासी प्रधान आरक्षक की 17 वर्षीय पुत्री रितु सिंह (पूजा पैकरा) ने बीते सप्ताह अपने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी। जांच में सामने आया कि वह एक निजी मार्ट गई थी, जहां उस पर कॉस्मेटिक सामान चोरी करने का आरोप लगाया गया था।
आरोप है कि मार्ट प्रबंधन ने नाबालिग छात्रा पर दबाव बनाकर उससे कथित स्वीकारोक्ति लिखवाई। इसके बाद उसके परिवार से पहले 15 हजार रुपये, फिर 20 हजार रुपये और बाद में 50 हजार रुपये की मांग की गई। इतना ही नहीं, रकम नहीं मिलने पर छात्रा की स्कूटी भी जब्त कर ली गई। परिजनों के सामने हुई कथित बेइज्जती और लगातार मानसिक दबाव के कारण छात्रा ने आत्मघाती कदम उठा लिया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक ने जगत वैद, विनोद वैद और दीपक वैद पर 5-5 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था। मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम ने राजस्थान में कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी विनोद वैद को गिरफ्तार कर लिया। ट्रांजिट प्रक्रिया पूरी कर उसे कोरिया लाया जा रहा है।
पुलिस का कहना है कि फरार दोनों अन्य आरोपियों की तलाश तेज कर दी गई है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।


