Khan Sir News: पटना के चर्चित मुसल्लहपुर कोचिंग विवाद मामले में खान ग्लोबल स्टडीज के डायरेक्टर फैजल खान उर्फ खान सर को बड़ी कानूनी राहत मिली है। पटना सिविल कोर्ट ने उनकी अग्रिम जमानत याचिका मंजूर कर ली है। इसी मामले में उनके तीन कर्मचारियों को भी अग्रिम जमानत मिली है। वहीं, बेउर जेल में बंद दो सुरक्षा गार्डों प्रदीप कुमार और तालेबर सिंह को नियमित जमानत दे दी गई है।
यह मामला 2 जून की रात पटना के मुसल्लहपुर इलाके में हुई मारपीट और फायरिंग की घटना से जुड़ा है। जांच के दौरान सामने आए एक वीडियो के आधार पर पुलिस ने खान सर का नाम भी एफआईआर में शामिल किया था। गिरफ्तारी की आशंका को देखते हुए उन्होंने अदालत में अग्रिम जमानत की याचिका दायर की थी।
दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद कोर्ट ने फैसला सुरक्षित रखा था। अब अदालत ने अपना आदेश सुनाते हुए खान सर और उनके तीन कर्मचारियों को अग्रिम जमानत दे दी है। वहीं, इस मामले में पहले गिरफ्तार किए गए दो सुरक्षा गार्डों को भी नियमित जमानत मिल गई है।
खान सर के वकील ने बताया कि अदालत ने पुलिस जांच में सामने आए तथ्यों पर विचार करने के बाद यह फैसला सुनाया। इससे पहले इसी मामले में ज्ञान बिंदु कोचिंग के संचालक और उनके सहयोगियों को भी गिरफ्तार किया गया था, जिन्हें बाद में जमानत मिल गई थी।
हालांकि, अदालत से राहत मिलने के बावजूद इस मामले की पुलिस जांच और न्यायिक प्रक्रिया जारी रहेगी।


