Ram Mandir Case: अयोध्या के राम मंदिर में चढ़ावे से जुड़ी कथित गड़बड़ी के मामले में सुप्रीम कोर्ट ने सोमवार को अहम सुनवाई करते हुए केंद्र सरकार, उत्तर प्रदेश सरकार और श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट को नोटिस जारी कर जवाब मांगा है। साथ ही अदालत ने उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा गठित एसआईटी (SIT) को जांच की स्टेटस रिपोर्ट सीलबंद लिफाफे में पेश करने का निर्देश दिया है। मामले की अगली सुनवाई 20 जुलाई को होगी।
सुनवाई के दौरान याचिकाकर्ताओं के वकील ने अदालत से मामले से जुड़े सीसीटीवी फुटेज और अन्य महत्वपूर्ण रिकॉर्ड सुरक्षित रखने की मांग की। उन्होंने जांच की स्टेटस रिपोर्ट की प्रति भी मांगी, लेकिन सुप्रीम कोर्ट ने फिलहाल यह मांग स्वीकार नहीं की। अदालत ने स्पष्ट किया कि जांच पूरी होने तक रिपोर्ट सार्वजनिक नहीं की जाएगी।
इस मामले में वकील नरेंद्र कुमार गोस्वामी, अजय कुमार राय और आरजेडी सांसद सुधाकर सिंह समेत कई लोगों ने अलग-अलग याचिकाएं दायर की हैं। याचिकाओं में मंदिर में आने वाले दान और चढ़ावे के प्रबंधन में पारदर्शिता, सभी वित्तीय रिकॉर्ड सुरक्षित रखने और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की गई है।
कुछ याचिकाओं में मामले की जांच CBI से कराने और श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के वित्तीय कामकाज की निगरानी के लिए विशेषज्ञों की समिति गठित करने की भी अपील की गई है।
फिलहाल सुप्रीम कोर्ट ने सभी संबंधित पक्षों से जवाब तलब किया है। अब इस मामले की अगली सुनवाई 20 जुलाई को होगी, जहां अदालत जांच की प्रगति और पक्षों के जवाब पर आगे विचार करेगी।


