Actor Arya Controversy: दक्षिण भारतीय फिल्म अभिनेता आर्या कानूनी विवाद में घिर गए हैं। हैदराबाद के जुबली हिल्स पुलिस स्टेशन में उनके, फिल्म के निर्माता और कुछ अन्य लोगों के खिलाफ कथित धोखाधड़ी और बकाया भुगतान को लेकर मामला दर्ज किया गया है। शिकायत एक रेंटल कंपनी ने दर्ज कराई है, जिसने फिल्म की शूटिंग के लिए कैमरे और अन्य तकनीकी उपकरण उपलब्ध कराए थे।
शिकायत के मुताबिक, मलयालम फिल्म ‘अनंतन काडू’ की शूटिंग के लिए कंपनी ने प्रीमियम डिजिटल कैमरे, लाइटिंग यूनिट और अन्य तकनीकी उपकरण उपलब्ध कराए थे। कंपनी का दावा है कि शूटिंग शुरू होने से पहले समय पर भुगतान का आश्वासन दिया गया था, लेकिन काम पूरा होने के बाद भी पूरी राशि का भुगतान नहीं किया गया।
रेंटल फर्म के अनुसार, उपकरण उपलब्ध कराने के साथ हैदराबाद से केरल तक उनके परिवहन और तकनीकी सहायता की व्यवस्था भी की गई थी। इन सेवाओं का कुल बिल करीब 2.12 करोड़ रुपये बना, जिसमें से केवल आंशिक भुगतान किया गया। कंपनी का आरोप है कि 1.80 करोड़ रुपये से अधिक की राशि अब भी बकाया है।
शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि बकाया भुगतान की मांग करने पर कंपनी के प्रतिनिधियों के साथ कथित तौर पर अभद्र व्यवहार किया गया और गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी गई।
फिलहाल जुबली हिल्स पुलिस ने शिकायत के आधार पर धोखाधड़ी और आपराधिक धमकी से संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस बिल, अनुबंध, भुगतान रिकॉर्ड और अन्य दस्तावेजों की जांच कर रही है। मामले में जांच पूरी होने और अदालत के निर्णय से पहले आरोपों की पुष्टि होना बाकी है।


