Raipur City News: राजधानी रायपुर के माना थाना क्षेत्र स्थित राय पब्लिक स्कूल में सोमवार को बड़ा हादसा हो गया। कक्षा में पढ़ाई के दौरान अचानक छत पर लगा सीलिंग फैन टूटकर चौथी कक्षा के 10 वर्षीय छात्र लक्ष्य पाल के ऊपर गिर पड़ा। हादसे में छात्र की आंख में गंभीर चोट आई, जिसके बाद उसे तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कक्षा में नियमित पढ़ाई चल रही थी। इसी दौरान अचानक सीलिंग फैन टूटकर नीचे गिर गया और उसकी चपेट में लक्ष्य पाल आ गया। घटना के तुरंत बाद शिक्षक और स्कूल स्टाफ ने घायल छात्र को अस्पताल पहुंचाया तथा उसके परिजनों को सूचना दी।
हादसे की खबर मिलते ही बड़ी संख्या में अभिभावक स्कूल पहुंच गए और स्कूल प्रबंधन के खिलाफ नाराजगी जताई। उनका आरोप है कि स्कूल में लगे पंखों और अन्य उपकरणों का समय-समय पर निरीक्षण नहीं किया गया, जिससे बच्चों की सुरक्षा खतरे में पड़ गई।
जानकारी के अनुसार, स्कूल सीमेंट शीट की छत वाले भवन में संचालित हो रहा है। घटना के बाद स्कूल की सुरक्षा व्यवस्था और भवन की गुणवत्ता पर भी सवाल उठने लगे हैं। अभिभावकों ने सभी स्कूलों में सुरक्षा मानकों की नियमित जांच कराने और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
मामले की सूचना मिलने पर माना थाना पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। वहीं, खबर लिखे जाने तक स्कूल प्रबंधन की ओर से इस घटना पर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।


