CG News: छत्तीसगढ़ के बिलासपुर रेल मंडल अंतर्गत करगी रोड रेलवे स्टेशन पर सोमवार को एक बड़ा रेल हादसा टल गया। यहां एक मालगाड़ी के तीन डिब्बे अचानक पटरी से उतर गए, जिससे स्टेशन परिसर में अफरा-तफरी मच गई। राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, मालगाड़ी का इंजन आगे निकल चुका था, तभी पीछे के तीन डिब्बे डिरेल हो गए। शुरुआती स्तर पर आशंका जताई जा रही है कि किसी जेसीबी मशीन का बकेट मालगाड़ी में फंस गया, जिसकी वजह से यह हादसा हुआ। हालांकि, रेलवे अधिकारियों ने कहा है कि इस कारण की अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
घटना की सूचना मिलते ही रेलवे के वरिष्ठ अधिकारी, रेलवे सुरक्षा बल (RPF) और तकनीकी टीम मौके पर पहुंच गई। डिरेल हुए डिब्बों को हटाने और ट्रैक को जल्द से जल्द बहाल करने का काम युद्धस्तर पर शुरू कर दिया गया है।
रेलवे अधिकारियों के अनुसार, हादसे के वास्तविक कारणों का पता विस्तृत तकनीकी जांच के बाद ही चल सकेगा। फिलहाल ट्रैक का निरीक्षण किया जा रहा है और रेल परिचालन को सामान्य करने के लिए आवश्यक कार्रवाई जारी है।


