CG Crime: रायपुर जिले के आरंग क्षेत्र के ग्राम पारागांव में महानदी किनारे एक महिला का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। शव पर मिले चोट के निशानों के बाद पुलिस हत्या की आशंका सहित सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।
पुलिस के अनुसार, मृतका की पहचान 36 वर्षीय रुक्मणी सोनवानी निवासी पारागांव के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि महिला के पति का पहले ही निधन हो चुका था। महानदी किनारे शव मिलने की सूचना मिलते ही आरंग थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल को सुरक्षित कर जांच शुरू कर दी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए रायपुर से फॉरेंसिक साइंस लैब (FSL) की टीम को भी बुलाया गया। टीम ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए। प्रारंभिक जांच में महिला के शरीर पर कई चोटों के निशान मिले हैं, जिससे मौत से पहले संघर्ष या मारपीट की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी।
पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई पूरी कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। साथ ही मृतका के परिजनों और ग्रामीणों से पूछताछ की जा रही है, ताकि उसकी अंतिम गतिविधियों और किसी संभावित विवाद की जानकारी जुटाई जा सके।
आरंग थाना पुलिस का कहना है कि मामले में मर्ग कायम कर सभी संभावित पहलुओं से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक साक्ष्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।


