CG News: छत्तीसगढ़ के राजिम क्षेत्र में मंगलवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब महासमुंद-राजिम मार्ग पर फिंगेश्वर के पास स्थित सरगी नाला में एक युवक का सड़ी-गली अवस्था में शव तैरता हुआ मिला। शव देखकर स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही फिंगेश्वर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। शव काफी पुराना होने के कारण अब तक मृतक की पहचान नहीं हो सकी है।
पुलिस आसपास के ग्रामीणों और स्थानीय लोगों से पूछताछ कर रही है। साथ ही क्षेत्र में दर्ज लापता व्यक्तियों की जानकारी भी खंगाली जा रही है, ताकि मृतक की पहचान की जा सके।
फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि युवक की मौत हत्या का नतीजा है या किसी हादसे का। पुलिस ने मामला दर्ज कर सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच शुरू कर दी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।


