CG News: छत्तीसगढ़ में युवाओं को प्रकृति और पर्यावरण संरक्षण से जोड़ने के लिए वन विभाग ने ‘युवान (YUVAN-Youth for Nature)’ कार्यक्रम की शुरुआत की है। इस पहल के तहत युवाओं को ‘युवान वालंटियर (ग्रीन लीडर)’ के रूप में तैयार किया जा रहा है। वन महोत्सव के दौरान उन्हें पौधारोपण, वन भ्रमण, जैव विविधता, जल एवं मृदा संरक्षण और प्रकृति संरक्षण का व्यवहारिक प्रशिक्षण दिया जा रहा है।
वन मंत्री श्री केदार कश्यप के निर्देश और वनमंडलाधिकारी श्री धम्मशील गणवीर के मार्गदर्शन में बलौदाबाजार वनमंडल में आयोजित कार्यक्रम के तहत देवपुर, सोनाखान, बारनवापारा और बल्दाकछार वन परिक्षेत्रों में 200 से अधिक विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस दौरान छात्रों को जंगलों का भ्रमण कराया गया और वनों व वन्यजीवों के महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई।
कार्यक्रम के तहत ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान भी चलाया गया, जिसमें विद्यार्थियों, शिक्षकों, वन प्रबंधन समितियों और ग्रामीणों ने मिलकर पौधारोपण किया। चांदन उच्चतर माध्यमिक विद्यालय परिसर में 43 छायादार पौधे लगाए गए। छात्रों में पर्यावरण के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए निबंध प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया।
वन विभाग ने विद्यार्थियों को आम, कोसम, चार और बहेड़ा जैसी स्थानीय प्रजातियों के सीड बॉल तैयार करने और उनका रोपण करने का प्रशिक्षण भी दिया। साथ ही प्राकृतिक पुनर्जनन, बीज संरक्षण, जल एवं मृदा संरक्षण, जैव विविधता और मानव-वन्यजीव सहअस्तित्व के महत्व से भी अवगत कराया गया।
कार्यक्रम में शिक्षक, वन प्रबंधन समितियों के पदाधिकारी, महिला समूह, ग्राम पंचायत प्रतिनिधि, स्थानीय ग्रामीण, वन अधिकारी, वन कर्मचारी और सुरक्षा श्रमिकों ने भी सक्रिय भागीदारी निभाई। वनमंडलाधिकारी श्री धम्मशील गणवीर ने कहा कि युवान कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को केवल पर्यावरण की जानकारी देना नहीं, बल्कि उन्हें प्रकृति के बीच सीखने और संरक्षण की जिम्मेदारी निभाने के लिए प्रेरित करना है। उन्होंने विश्वास जताया कि यह पहल भविष्य में प्रकृति के प्रति संवेदनशील और जिम्मेदार युवाओं की नई पीढ़ी तैयार करेगी।


