CG News: छत्तीसगढ़ के सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले में पर्यावरण संरक्षण और हरित विकास को बढ़ावा देने के लिए एक अनोखी पहल सामने आई है। विकसित भारत-गारंटी फॉर रोजगार एवं आजीविका मिशन (ग्रामीण) – वीबी जी राम जी के अंतर्गत जनपद पंचायत सारंगढ़ की ग्राम पंचायत गोड़म में सीएलएफ क्लस्टर से जुड़ी स्व-सहायता समूहों की महिलाओं ने मिलकर करीब 30 हजार सीड बॉल तैयार किए हैं।
इन सीड बॉल का वितरण जिला पंचायत अध्यक्ष, कलेक्टर, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी, क्लस्टर के सरपंचों, अधिकारियों और स्व-सहायता समूह की महिलाओं की मौजूदगी में किया गया। इस दौरान सभी ने मिलकर मानव श्रृंखला बनाकर बीज रोपण उत्सव मनाया और पौधारोपण के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
अधिकारियों ने बताया कि इन सीड बॉल का उपयोग वीबी जीरामजी के तहत निर्मित तालाबों की मेड़ों, डबरियों की मेड़ों और अन्य उपयुक्त स्थलों पर किया जाएगा। वर्षा ऋतु में इनके रोपण से हरित आवरण बढ़ाने, जल संरक्षण को मजबूत करने और प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण में मदद मिलेगी।
कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों को वीबी जीरामजी योजना के उद्देश्यों, जल संरक्षण, प्राकृतिक संसाधन प्रबंधन और जनभागीदारी आधारित विकास कार्यों की जानकारी भी दी गई। साथ ही सभी से इस अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाकर इसे जनआंदोलन बनाने का आह्वान किया गया।
स्व-सहायता समूह की महिलाओं की इस पहल को जिले में हरित विकास और सामुदायिक सहभागिता का प्रेरक उदाहरण माना जा रहा है। प्रशासन का मानना है कि ऐसे प्रयास गांवों में पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ-साथ भविष्य में हरित क्षेत्र विस्तार में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।


